भोपाल। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री असलम शेर खान ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का ऐलान नहीं होने से नुकसान हो रहा है। खान ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को प्रदेश में कांग्रेस नेतृत्व के बारे में स्थिति साफ करनी चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि मीडिया में लगातार कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रदेश कांग्रेस का नेतृत्व सौंपने की बातें आ रही हैं, इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अनिश्चितता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जब वे 2018 के विधानसभा चुनाव के सिलसिले में कांग्रेस स्वयंसेवक संघ के गठन के लिए बैतूल, सिरोंज (विदिशा) और इटारसी (होशंगाबाद) के दौरे पर गए, तो उन्हें कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों से यह फीडबैक मिला है। खान ने आरोप लगाया कि पार्टी का नई दिल्ली नेतृत्व जानबूझकर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने और सरकार बनाने के मार्ग में रोड़े अटका रहा है। दूसरी तरफ भाजपा माहौल खराब करके वोटों का धुव्रीकरण करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने स्थानीय नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि इनकी परिपाटी आज भी नहीं बदली है, ताकि पार्टी बेहतर हो सके।
कांग्रेस नेतृत्व का ऐलान न होने से हो रहा नुकसान : असलम

Be the first to comment on "कांग्रेस नेतृत्व का ऐलान न होने से हो रहा नुकसान : असलम"