मध्यप्रदेश पर्यटन को हॉल ऑफ फेम का राष्ट्रीय अवार्ड

तीन साल से लगातार बेस्ट टूरिज्म स्टेट के उपलक्ष्य के रूप में मिला अवार्ड
इस बार भी मध्यप्रदेश पर्यटन को 10 राष्ट्रीय अवार्ड से नवाजा गया

भोपाल : मध्यप्रदेश देश का ऐसा पहला राज्य बन गया है जिसे लगातार 3 साल से बेस्ट टूरिज्म स्टेट का राष्ट्रीय अवार्ड हासिल हुआ है। इस उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश पर्यटन को आज नई दिल्ली में हॉल ऑफ फेम अवार्ड (Hall of Fame Award) से नवाज़ा गया। विज्ञान भवन में आयोजित गरिमापूर्ण समारोह में राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने मध्यप्रदेश के पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री सुरेन्द्र पटवा, राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष श्री तपन भौमिक एवं पर्यटन सचिव श्री हरि रंजन राव को यह अवार्ड प्रदान किया। अवार्ड के रूप में ट्राफी और प्रशस्ति-पत्र दिया गया। केन्द्रीय पर्यटन एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)श्री के.जे.अलफोंस भी मौजूद थे।

विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर आज मध्यप्रदेश को एक बार फिर एक साथ 10 राष्ट्रीय अवार्ड प्राप्त हुए। नेशनल अवार्ड वितरण समारोह में मध्यप्रदेश में आयोजित ‘जल-महोत्सव हनुवंतिया को मोस्ट इनोवेटिव टूरिस्ट प्रोडक्ट’ और मध्यप्रदेश टूरिज्म को बेस्ट स्टेट फॉर एडवेंचर टूरिज्म का राष्ट्रीय अवार्ड प्राप्त हुआ। ‘चंदेरी को बेस्ट हेरिटेज सिटी, खरगौन को सिविक मैनेजमेंट ऑफ टूरिस्ट डेस्टिनेशन ऑफ इंडिया का, उज्जैन रेलवे स्टेशन को टूरिस्ट फ्रेंडली रेलवे स्टेशन और इंग्लिश कॉफी टेबल बुक को एक्सिलेंस इन पब्लिशिंग का राष्ट्रीय अवार्ड प्राप्त हुआ।

इसी प्रकार बेस्ट फिल्म प्रमोशन फ्रेंडली स्टेट/यूनियन टेराटोरी में फिल्म प्रमोशन पॉलिसी का राष्ट्रीय अवार्ड भी मध्यप्रदेश पर्यटन को प्राप्त हुआ। सिंहस्थ 2016 में मध्यप्रदेश पर्यटन द्वारा प्रकाशित हिन्दी ब्रोशर को एक्सिलेंस इन पब्लिशिंग इन हिन्दी ब्रोशर का राष्ट्रीय अवार्ड प्राप्त हुआ। बेस्ट वाइल्ड लाइफ गाइड का राष्ट्रीय पुरस्कार पचमढ़ी के श्री सईब खान को प्राप्त हुआ।

मध्यप्रदेश पर्यटन के लिए आज का दिन बड़ा महत्वपूर्ण रहा जब नई-दिल्ली में राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार के गरिमापूर्ण समारोह में पर्यटन के लिये प्रतिष्ठित 10 अवार्ड एक साथ मध्यप्रदेश को मिले। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश पर्यटन को लगातार तीसरे साल पर्यटन के क्षेत्र में राष्ट्रीय अवार्ड प्राप्त हुए हैं। पिछले वर्ष मध्यप्रदेश पर्यटन को 5 और इसके पूर्व वर्ष में 6 राष्ट्रीय अवार्ड सहित अन्य अवार्ड प्राप्त हुए थे।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में अनेक मनोरम पर्यटन स्थल, तीन विश्व धरोहर, दो ज्योतिर्लिंग, ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक स्थल, ईको टूरिज्म, राष्ट्रीय उद्यान आदि पर्यटन स्थल किसी भी पर्यटक को मंत्रमुग्ध करने की क्षमता रखते हैं। यह पर्यटन स्थल सैलानियों को आल्हादित कर देते हैं। इस मौके पर म.प्र. राज्य पर्यटन निगम की एम.डी. श्रीमती छवि भारद्वाज, अपर प्रबंध संचालक डॉ. श्रीकांत पाण्डेय, कार्यपालिक निदेशक श्री ओ.वी.चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

  • पर्यटन मंत्रालय द्वारा इस साल हॉल ऑफ फेम अवार्ड शुरू किए गए हैं। यह अवार्ड लगातार पिछले तीन साल से उसी श्रेणी में राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार प्राप्त करने वाले राज्य / संगठन / एजेंसी को प्रदान किया जाएगा।

  • इस साल पुरस्कार की अन्य श्रेणियों में रोमांचक पर्यटन के लिये श्रेष्ठ राज्य और श्रेष्ठ वन्य जीव गाइड को भी शामिल किया गया है।

Be the first to comment on "मध्यप्रदेश पर्यटन को हॉल ऑफ फेम का राष्ट्रीय अवार्ड"

Leave a comment

Your email address will not be published.


*


error: Content is protected !!