सीरियल किलर: जानिए इस शख्स ने क्यों छह महिलाओं को मारा

सिद्धि हासिल करने के लिए छह महिलाओं का बेरहमी से गला काट कर हत्या करने का आरोपी जसपुर में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में उसने जसपुर थाना क्षेत्र के गांव अंगदपुर में दस माह पहले विधवा महिला शहनाज की हत्या करने के साथ-साथ पांच अन्य महिलाओं की हत्याएं कबूल ली हैं। शनिवार को पुलिस ने हत्यारोपी से कत्ल में इस्तेमाल दरांती बरामद करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया।

शनिवार को कोतवाल आरके चमोली ने पत्रकारों को बताया कि बीते साल नौ अगस्त को अंगदपुर निवासी शकील की विधवा शहनाज (45) का शव गांव से करीब दो किमी दूर गन्ने के खेत में मिला था। शहनाज के जेठ खुर्शीद अहमद ने अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कराया था।

खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई थी। घटना के दिन से वारदात स्थल पर आने जाने वाले लोगों पर नजर रखी गई। इस बीच लाल रंग बाइक पर मटमैले कपड़े पहने एक सिख के बारे में सुराग लगा। पड़ताल की गई तो पता चला कि वह अपराधिक किस्म का व्यक्ति है। उस पर नजर रखी जाने लगी। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे ग्राम गूलरगोजी मोड़ से दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मुख्तयार सिंह (56)उर्फ मुक्खा पुत्र हजारा सिंह निवासी ग्राम धरमपुरा थाना रेहड़ (बिजनौर) बताया। उसने शहनाज की हत्या कबूल ली और हत्या में इस्तेमाल दरांती अंगदपुर पुलिया के नीचे से बरामद कराई। टीम में कोतवाल आरके चमोली, एसआई मदन बिष्ट, हेड कांस्टेबिल करतार सिंह, सिपाही अर्रंवद कुमार, प्रदीप कन्याल, हरिओम सिंह आदि शामिल रहे।

तांत्रिक के कहने पर की हत्याएं कोतवाल चमोली ने बताया कि पहले मुख्तयार घरों में जाकर पाठ कराता था। 13 साल पहले किसी तांत्रिक ने उसे सिद्धि पाने को 40 से 50 उम्र की महिलाओं की हत्या करने की सलाह दी थी। वर्ष 2003 में उसने अफजलगढ़ क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक गन्ने के खेतों में चार अलग-अलग महिलाओं की आधी गर्दन काटकर हत्या की थी। मारने के बाद वह महिलाओं की सलवार उतारकर एक पैर में बांध देता था। अफजलगढ़ थाने में उसके खिलाफ हत्या के चार मुकदमे दर्ज हैं। एक मुकदमे में वह ढाई साल की सजा भी काट चुका है। कोतवाल ने बताया कि मुख्तयार हत्या के बाद पंजाब और यूपी के अलग-अलग शहरों में घूमता रहता था। कई साल गायब रहने के बाद उसने बीते साल नौ अगस्त को अंगदपुर में शहनाज को भी इसी कारण मारा।

इस तरह खुला केस जसपुर। कोतवाल चमोली ने बताया कि बीती 17 फरवरी को ग्राम मोहम्मदपुर राजौरी में कमलेश पत्नी जयमल निवासी थाना डिलारी जिला मुरादाबाद का शव भी संदिग्ध अवस्था में मिला था। पुलिस ने इस मामले को पुराने मामलों से जोड़कर पड़ताल कराई तो मुख्तयार की लोकेशन वहीं मिली। इसके बाद पुलिस मुख्तयार की तलाश में लग गई। शुक्रवार को गिरफ्तारी के बाद गवाहों के लिए आरोपी और उसकी बाइक की शिनाख्त कराई गई। इसके बाद पूछताछ में मुख्तयार ने अंगदपुर की शहनाज और मोहम्मद राजोरी की कमलेश की हत्या कबूल ली।

डिलारी पुलिस ने भी की पूछताछ जसपुर। डिलारी पुलिस के एसआई पंकज वर्मा और देवेन्द्र उपाध्याय ने जसपुर कोतवाली पहुंचकर कमलेश हत्याकांड के बारे में हत्यारोपी से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि कमलेश मायके आई थी। इस दौरान उसकी हत्या हो गई। एसआई ने बताया कि आरोपी को वारंट बी के आधार पर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।

निशाने पर होती थीं अकेली महिलाएं जसपुर। मुख्तयार सिद्धि पाने के लिए इस कदर बेताब था कि वह दोपहर के वक्त खेतों पर काम करने वाली अकेली महिलाओं की तलाश में लगा रहता था। कत्ल करने के वक्त वह अपनी साइकिल या बाइक दूर खड़ी करता था। कोतवाल ने बताया कि वह हमेशा दरांती साथ रखता था, ताकि शिकार मिलने पर वह उसी वक्त उसे मार सके।

Be the first to comment on "सीरियल किलर: जानिए इस शख्स ने क्यों छह महिलाओं को मारा"

Leave a comment

Your email address will not be published.


*


error: Content is protected !!