एफआईआर दर्ज होते ही भाजपा नेता जसपाल फरार

भोपाल। सीहोर जिला अस्पताल में डॉक्टर से बदतमीजी करने के मामले में पुलिस में एफआईआर दर्ज होने के बाद भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा फरार हो गया है। सीहोर पुलिस ने अरोरा की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है, लेकिन अभी पुलिस पहुंच से दूर है। मजेदार बात यह है कि जसपाल अरोरा के समर्थन में शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में सीहोर नगर पालिका के तीन दर्जन करीब पार्षद आए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान जसपाल अरोरा भी कार्यालय के मुख्य दरवाजे के काले रंग की फॉर्चूनर गाड़ी में बैठा था। जैसे ही लोगों की नजर आरोरा पर पड़ी, वह गाड़ी लेकर निकल गया। पुलिस में प्रकरण दर्ज होने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार चौहान ने जसपाल आरोरा को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, लेकिन अभी तक पार्टी को नोटिस का जवाब भी नहीं मिला है। लेकिन सवाल यह है कि जिस रसूखदार भाजपा नेता को सीहोर पुलिस फरार बता रही है, वह प्रदेश भाजपा कार्यालय तक अपने समर्थन में नेताओं की भीड़ लेकर पहुंच जाता है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जसपाल अरोरा काले कांच लगी गाड़ी में बैठा था और भाजपा कार्यालय में मौजूद पार्षदों को अपने समर्थन में नारेबाजी करने के लिए निर्देशित कर रहा था। प्रदेश भाजपा कार्यालय मंत्री सत्येन्द्र भूषण सिंह ने बताया कि अभी जसपाल अरोरा को कोई जवाब पार्टी को नहीं मिला है। जवाब आने के बाद ही पार्टी निर्णय लेगी। जसपाल अरोरा को गिरफ्तार करने में सीहार पुलिस द्वारा की जा रही खानापूर्ति पर सवाल उठने लगे हैं। क्योंकि पुलिस अधीक्षक मनीष कपूरिया अरोरा को फरार बताकर इनाम घोषित कर चुके हैं, वहीं रविवार को अरोरा सीहोर नगर पालिका अध्यक्ष अमिता अरोरा के जन्मदिन की पार्टी में अरोरा मौजूद था।

Be the first to comment on "एफआईआर दर्ज होते ही भाजपा नेता जसपाल फरार"

Leave a comment

Your email address will not be published.


*


error: Content is protected !!