छप्पर फाड़ के: महिला ने चार बच्चों को एक साथ दिया जन्म, सभी स्वस्थ

बेगूसराय के रसूलपुर में एक दंपती को दिव्यांग बेटा है। उनके मन में आस थी कि अगली बार स्वस्थ बच्चा हमारे घर पैदा हो। ईश्वर ने उनकी सुनी और दिया भी तो छप्पर फाड़ के। एक साथ एक-दो नहीं चार बच्चे। मंगलवार को जिले के भगवानपुर पीएचसी में महिला ने चार बच्चों को एक साथ जन्म दिया।

रसलपुर निवासी संजय शर्मा की 30 वर्षीया पत्नी सविता देवी को पहले से एक बेटा है, अब उनके पांच बच्चे हो गए। जिन चार बच्चों का जन्म हुआ है उनमें तीन लड़के व एक लड़की शामिल है। सभी का जन्म सामान्य प्रसव से हुआ।

जच्चा-बच्चे स्वस्थ
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.दिलीप कुमार ने बताया कि जच्चा व बच्चे सभी स्वस्थ हैं। वहीं, प्रसूता की देखरेख कर रहीं एएनएम मंजू कुमारी ने बताया कि सविता देवी को नॉर्मल डिलेवरी के माध्यम से चारों बच्चों का जन्म हुआ है।

चार साल पहले हुआ था एक बेटा
सविता देवी को चार साल पहले एक बेटा हुआ था। वह दिव्यांग है। हालांकि, उस समय भी नॉर्मल डिलेवरी के जरिये ही बच्चे का जन्म हुआ था। संजय शर्मा गांव में ही बढ़ई का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। श्री शर्मा बताते हैं कि उनकी पत्नी को एक साथ चार बच्चा होने की सूचना मिली तो पहले उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ। जब चारों नवजातों को अपनी आंखों से देखा तो अपने घरवालों को भी यह खुशखबरी सुनाई।

पीएचसी में लगी भीड़
एक महिला को एक ही साथ चार बच्चे होने की सूचना मिलते ही बच्चों को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में जुटने लगी। मौके पर पहुंचे ग्रामीण कुदरत के करिश्मे की चर्चा कर रहे थे। कई ग्रामीणों ने कहा कि ऊपर वाला जब देता है तो छप्पर फाड़कर देता है।

Be the first to comment on "छप्पर फाड़ के: महिला ने चार बच्चों को एक साथ दिया जन्म, सभी स्वस्थ"

Leave a comment

Your email address will not be published.


*


error: Content is protected !!