नहीं रहे मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रामनरेश यादव

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव का  निधन हो गया।
वह करीब 90 वर्ष के थे। पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रहे श्री यादव को सांस लेने में तकलीफ होने पर संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में भर्ती कराया गया था, जहां सुबह करीब नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। मूलरुप से वह आजमगढ के रहने वाले थे। 1977 में उन्हें उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया गया था। उन्हें 08 सितम्बर 2011 को मध्य प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया था। उन्होंने गत सात सितम्बर को ही राज्यपाल पद से अवकाश ग्रहण किया था। वह बेहद ईमानदार छवि के नेता माने जाते थे।

raam

गांधीवादी श्री यादव ने सन् 1977 में आजमगढ़ (उ.प्र.) सीट से चुनाव जीतकर छठी लोकसभा के सदस्य बने थे। वह 23 जून 1977 से 15 फऱवरी 1979 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने 1977 से 1979 तक निधौली कलां (एटा) का विधानसभा में प्रतिनिधित्व किया तथा 1985 से 1988 तक शिकोहाबाद (फिरोजाबाद) के विधायक रहे। वह 1988 से 1994 तक उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के भी सदस्य रहे। उन्होंने 1996 से 2007 तक फूलपुर (आजमगढ़) सीट का विधानसभा में प्रतिनिधित्व किया। वकालत से अपना राजनीतिक जीवन शुरु करने वाले श्री यादव आपातकाल के दौरान आजमगढ और इलाहाबाद के नैनी जेल में बन्द थे। आजमगढ के अंबारी गांव में एक साधारण किसान के घर जन्म लेकर श्री यादव अपने सौम्यता की वजह से राज्यपाल और मुख्यमंत्री के पदो तक पहुंचे।

ramm

उन्होंने 12 अप्रैल 1989 को तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी से प्रभावित होकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। कांग्रेस में शामिल होने से पहले उन्होंने राज्यसभा में पार्टी के उपनेता, पार्टी के महामंत्री और अन्य पदों से इस्तीफा दे दिया था। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री के रुप में उन्होंने पिछडों और गरीबों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया था।

उन्होंने गरीबों के लिए राज्य में अंत्योदय योजना की शुरुआत करायी थी। श्री यादव के पुत्र की इसी साल मार्च में मृत्यु हो जाने के बाद वह टूट से गये थे और चिंतित रहते थे। पुत्र की मृत्यु के कुछ ही महीने पहले उनकी पत्नी का भी देहान्त हो गया था। पुत्र की वजह से उनका नाम मध्य प्रदेश के बहुचर्चित व्यापम घोटाले में भी उछला था। उनके निधन पर राज्य में शोक की लहर दौड गयी है। बेहद विनम्र स्वभाव और ईमानदार छवि के श्री यादव की मृत्यु पर राज्यपाल रामनाईक, मध्य प्रदेश के राज्यपाल ओ पी कोहली, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर, सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. निर्मल खत्री समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार उनके आजमगढ स्थित पैतृक गांव में किया जायेगा।

Be the first to comment on "नहीं रहे मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रामनरेश यादव"

Leave a comment

Your email address will not be published.


*


error: Content is protected !!