भिंड। मध्यप्रदेश के भिंड शहर के अटेर रोड पर चाचा और बड़े भाई के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में मिट्टी भरकर घर लौट रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के पावई थाना क्षेत्र के ग्राम विरगवां हाल अटेर रोड अशोक नगर निवासी विकास तिवारी (28) कल रात्रि गढ़ूपुरा गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली में मिट्टी भरकर घर लौट रहा था। साथ में बड़ा भाई अशोक तिवारी और चाचा सुभाष तिवारी थे।
यह लोग अटेर रोड पर संजीवनी हॉस्पिटल के पास आए, तभी अचानक बाइक पर सवार होकर आए लगभग आठ से दस लोगों ने उनपर फायरिंग कर दी।
हमले में आरोपियों की ओर से करीब सात राउंड गोली चलाई गई। जिसमें से एक गोली विकास के सीने में लगी। विकास को गोली लगते ही आरोपी भाग निकले।
अशोक और सुभाष विकास को जिला अस्पताल लेकर आए, लेकिन डॉक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते पर सीएसपी वीरेंद्र तोमर और सिटी व देहात थाने का पुलिस बल अटेर रोड पर पहुंच गया।
जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में विकास के बड़े भाई अशोक तिवारी ने बताया कि उनके भाई की हत्या श्रीप्रकाश शर्मा, रामसनेही शर्मा, रामशरण के दो बेटे, रामानंद शर्मा, रामशरण शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, सोनू शर्मा और शिवपूजन शर्मा ने की है।
सीएसपी ने अशोक के बताए मुताबिक नाम नोट कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम रवाना की हैं। अशोक ने बताया कि 1999 से दोनों परिवारों में जमीन का विवाद है। इससे पहले तीन लोगों की हत्या हो चुकी हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
Be the first to comment on "मध्यप्रदेश: जमीन विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या"