मध्यप्रदेश में आदि गुरु शंकराचार्य एकात्म यात्रा

यात्रा ने तय की 221 किमी की दूरी और संचित किये 540 धातु पात्र

भोपाल : आदि गुरु शंकराचार्य की ओंकारेश्वर में बनने वाली अष्टधातु प्रतिमा के लिए प्रदेश में 4 स्थानों से आरंभ एकात्म यात्रा ने आज आगर-मालवा, शाजापुर, शिवपुरी, होशंगाबाद और बैतूल जिले में 221 किमी की दूरी तय करने के साथ 540 धातु पात्रों का संकलन किया। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान शाजापुर और होशंगाबाद जिले के बाबई में जनसंवाद में शामिल हुए।

आगर-मालवा शहर और जिले के 8 गाँव-कस्बों में यात्रा का स्वागत और पादुका पूजन हुआ। जिसमें 25 कलश यात्रा, 6 शोभा यात्रा, 25 उपयात्रा और 8000 लोग शामिल हुए। शाजापुर और जिले के 6 गाँव-कस्बों में यात्रा का स्वागत और पादुका पूजन हुआ और 6000 लोगों की भागीदारी के साथ 46 कलश यात्रा, 1 शोभा यात्रा और 6 उपयात्राएँ निकली। दोपहर में शाजापुर में हुए जनसंवाद में संत श्री संवित सोमगिरी, संत भूमानंद सरस्वती, संत अध्यात्मानंद, स्वामी रघुनाथदास महाराज, विधायक श्री अरूण भीमावत, और श्री मुरलीधर पाटीदार, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री प्रदीप पाण्डेय शामिल हुए।

शाजापुर में यात्रा ने आगर में 20 और शाजापुर में 57 किमी की दूरी तय करने के साथ 202 धातु पात्रों का संचयन किया। ग्राम पनवाड़ी से शाजापुर तक 500 वाहनों की रैली निकाली गई।

शिवपुरी जिले में 13 स्थानों पर यात्रा का स्वागत और पादुका पूजन किया गया इसमें 16 कलश यात्रा, 2 शोभा यात्रा, 13 उपयात्रा और 7000 लोग शामिल हुए। दोपहर को कोलारस में और शाम को बदरवास में हुए जनसंवाद में परमानंद महाराज, पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष श्री तपन भौमिक जन अभियान के उपाध्यक्ष श्री राघवेन्द्र गौतम, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारियों ने आदि शंकराचार्य, एकात्म यात्रा, स्वच्छता, बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओं, नशा मुक्ति अभियान की लोगों को जानकारी दी। यात्रा ने 55 किमी की दूरी तय करने के साथ 132 धातु पात्रों का संकलन किया। यात्रा का स्वागत आकर्षक पारंपरिक द्वार बनाकर, रंगोली और पुष्प वर्षा से किया गया।

होशंगाबाद जिले के बाबई में यात्रा का 17 स्थानों पर स्वागत और पादुका पूजन किया गया, जिसमें 5 कलश यात्रा, 1 शोभा यात्रा, 102 उपयात्रा और 19000 लोग शामिल हुए। शाम को होशंगाबाद के सेठानी घाट पर हुए जनसंवाद में महामंडलेश्वर, श्री अखिलेश्वरानंद, विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीतासरन शर्मा, पूर्व मंत्री श्री सरताज सिंह, यात्रा प्रभारी श्री शिव चौबे, सांसद श्री उदयप्रताप सिंह, विधायक श्री हरिशंकर जायसवाल, श्री विजयपाल सिंह, श्री ठाकुरदास नागवंशी उपस्थित थे जिले में यात्रा ने 49 किमी की दूरी तय करने के साथ 64 धातु पात्रों का संचयन किया। बाइक रैली, रंगोली, झाँकी, पुष्प वर्षा आदि से यात्रा का स्वागत किया गया।

बैतूल जिले में आज 13 स्थानों पर यात्रा का स्वागत और पादुका पूजन किया गया। इसमें 17 कलश यात्रा, 26 शोभा यात्रा, 131 उपयात्रा और 17000 लोग शामिल हुए। बच्चों ने भारत माता एवं शंकराचार्य की वेशभूषा में रैली निकाली। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के अभियान को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। दोपहर को खेड़ी सावलीगढ़ और शाम को चिचोली में होने वाले जनसंवाद में स्वामी मुक्तानंद, स्वामी गणेशगिरी, स्वामी सुदर्शन महाराज, विधायक श्री हेमन्त खण्डेलवाल, श्री मंगल धुर्वे, श्री अलकेश आर्य, पूर्व विधायक श्री शिव प्रसाद राठौर और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सूरजमल ने सम्बोधित किया। जिले में यात्रा ने 40 किमी की दूरी तय करने के साथ 142 धातु पात्रों का संकलन किया।

Be the first to comment on "मध्यप्रदेश में आदि गुरु शंकराचार्य एकात्म यात्रा"

Leave a comment

Your email address will not be published.


*


error: Content is protected !!