नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का अगला पार्टी अध्यक्ष बनना करीब-करीब तय हो गया है। कांग्रेस की सबसे ताकतवर कमेटी कांग्रेस राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने अगले अध्यक्ष के चुनाव के लए हरी झंडी दे दी है। सूत्रों के मुताबिक सीडब्ल्यूसी की बैठक में अगले अध्यक्ष के चुनावों को लेकर तारीखें तय कर दी गई हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अगले कांग्रेस अध्यक्ष के लिए 1 दिसम्बर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। 3 दिसंबर तक नामांकन की आखिरी तारीख होगी। 5 दिसम्बर तक नॉमिनेशन की जांच की जाएगी और 11 दिसम्बर तक नामांकनों की वापसी की जा सकेगी। अगर जरूरत पड़ी तो 16 दिसम्बर को चुनाव होगा। खास बात ये है कि गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले ही राहुल गांधी की ताजपोशी की जाएगी।
18 दिसंबर को गुजरात चुनाव के नतीजे आएंगे। ज्ञात हो कि इससे पहले, प्रदेश कमिटियां राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पास कर चुकी हैं। नए अध्यक्ष के चुने जाने के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के अधिवेशन में इस पर मुहर लगेगी और नई कांग्रेस राष्ट्रीय कार्यकारिणी चुनी जाएगी। कांग्रेस राष्ट्रीय कार्यकारिणी पार्टी में फैसले लेने वाली सर्वोच्च इकाई है। फिलहाल 1998 से सोनिया गांधी कांग्रेस की अध्यक्ष हैं। 47 साल के राहुल गांधी 2004 से संसद में उत्तर प्रदेश के अमेठी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
योगी ने ली चुटकी, कांग्रेस का पलटवार
उधर राहुल की ताजपोशी पर उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस-मुक्त भारत के लिए उनका अध्यक्ष बनना जरूरी है। इसके साथ ही योगी ने कांग्रेस में परिवारवाद की आलोचना की। योगी के इस बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस में लोकतांत्रिक संगठनात्मक चुनावों का इतिहास रहा है। सुभाषचंद्र बोस ने गांधी जी के सामने चुनाव लड़ा और ध्यान रहे कि चुनाव से दोनों का एक दूसरे का प्रति स्नेह और सम्मान कम नहीं हुआ। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के खिलाफ जिन दो नेताओं ने चुनाव लड़ा वो भी हमारे सम्मानित नेता थे। वो अब हमारे बीच नहीं हैं।
भाजपा विकास के मुद्दे से ध्यान हटाने की कोशिश करेगी : राहुल
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से गुजरात चुनाव में विकास पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को चेताया कि ‘भाजपा विकास के मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास करेगी।’ कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में राहुल ने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा गुजरात में विकास के मुख्य मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश करेगी।
Be the first to comment on "राहुल की ताजपोशी अगले महीने"