शादी के दूसरे दिन दुल्हन ने दूल्हे के साथ रहने से किया इनकार

खंडवा। शादी के अगले ही दिन दुल्हन के बदले तेवरों ने दूल्हे के होश उड़ा दिए। दुल्हन शादी से ही मुकर गई। परिवार के लोगों की समझाइश के बाद भी जब दुल्हन नहीं मानी तो उसे लेकर परिजन छैगांवमाखन थाने आ गए। दूल्हा-दुल्हन यहां तीन दिन बैठे रहे। पुलिस ने दुल्हन को उसके माता-पिता के हवाले किया है। बताया जाता है कि लड़के वालों ने 70 हजार रुपए दुल्हन के परिवार को दिए थे। रुपए वापस लौटाने पर ही समझौता हुआ है।

ग्राम आवल्या निवासी राजेश पटेल की गुरुवार को पूजा तायड़े से शादी हुई थी। पूजा महाराष्ट्र के आकोट गांव की रहने वाली है। गुरुवार को शादी की सभी रस्में निभाई गई। सात फेरे के साथ राजेश ने दुल्हन बनी पूजा को मंगलसूत्र पहनाया। इस विवाह में रिश्तेदार, परिचित व गांव के लोग शामिल हुए।

शादी की वीडियो शूटिंग और फोटोग्राफी भी कराई गई। राजेश व उसके परिजन शादी से काफी खुश थे लेकिन उनकी खुशी कुछ ही समय के लिए थी। शादी के अगली सुबह दुल्हन ने अपने घर जाने की जिद पकड़ ली। उसका कहना था कि वह इस शादी को नहीं मानती है। राजेश व उसके परिवार के लोगों ने उसे समझाने की कोशिश भी की लेकिन वह नहीं मानी। उसने हाथ में चाकू उठा लिया और धमकाने लगी। मामला बिगड़ता देख राजेश व परिवार के लोग दुल्हन को लेकर छैगांवमाखन थाने आ गए।

70 हजार रुपए देकर लाए थे दुल्हन

छैगांवमाखन थाना क्षेत्र के ही व्यक्ति ने पूजा का राजेश से रिश्ता कराया था। 70 हजार रुपए में बात तय हुई थी। यह रुपए राजेश के परिजन ने दुल्हन पूजा के परिवार को दिए थे। राजेश ने बताया कि शादी होने तक सब सामान्य था। दुल्हन के माता-पिता शादी होने के बाद उसी दिन अपने घर चले गए। उसे नहीं पता था कि अगले दिन ऐसा हो जाएगा।

तीन दिन दूल्हा-दुल्हन रहे थाने में

छैगांवमाखन पुलिस ने तीन दिन तक दूल्हा-दुल्हन को थाने में रखा। दुल्हन के परिजन को सूचना देने के बाद भी वे तीन दिन तक थाने नहीं पहुंचे। बुधवार को सुबह लड़की की बुआ और परिवार के अन्य लोग थाने आए। यहां दोनों परिवारों के बीच चर्चा हुई। इसके बाद कहीं जाकर मामला समझौेते पर खत्म हुआ है। समझौते के बाद दुल्हन अपनी बुआ व परिजन के साथ लौट गई। दुल्हन के परिवार ने 70 हजार रुपए दूल्हे को लौटा दिए हैं।

नहीं रहना चाहती

दुल्हन पूजा पहले से शादीशुदा थी। उसकी एक बेटी भी है। पूछताछ करने पर उसने पहले पति को तलाक देकर दूसरी शादी करने की बात कहीं थी। वह राजेश के घर नहीं रहना चाहती थी। उसे परिजन के हवाले किया गया है।

– परसराम डाबर, टीआई छैगांवमाखन

Be the first to comment on "शादी के दूसरे दिन दुल्हन ने दूल्हे के साथ रहने से किया इनकार"

Leave a comment

Your email address will not be published.


*


error: Content is protected !!