हाय गर्मीः देश में सबसे गर्म रहा दिल्ली का पालम इलाका

राजधानी का पालम इलाका रविवार को देश का सबसे गर्म इलाका रहा। पालम में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस रहा। जबिक पालम में स्थित एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 48 डिग्री के करीब पहुंच गया। इसके पहले वर्ष 2014 में 08 जून को पालम में अधिकत तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

दिल्ली के ज्यादातर इलाके रविवार को राजस्थान के इलाकों से गर्म रहे।राजस्थान में बाडमेर इलाका सबसे गर्म रहा। यहां भी अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। दिल्ली के सफदरजंग इलाके में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राजधानी वासियों को सोमवार को भी इसी तरह की गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मंगलवार शाम से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते मौसम में बदलाव आएगा और मंगलवार रात से दिल्ली में तेज हवाएं दर्ज की जाएंगी। सोमवार को कई इलाकों में बारिश भी होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक समरजीत चौधरी के अनुसार मध्य पाकिस्तान व सीमा से लगे राजस्थान के हिस्सों से आने वाली पश्चिमी हवाओं के चलते राजधानी के तापमान में वृद्धि हो रही है। सोमवार को भी लोगों को इसी तरह की गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मंगलवार शाम से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
दिल्ली के विभिन्न इलाकों में तापमान

इलाके अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
सफदरजंग 44.6 30.4
पालम 47.0 31.0
लोधी रोड 44.3 28.2
रिज 46.2 29.5
आयानगर 46.6 30.8
(तापमान डिग्री सेल्सियस में है। आंकड़े मौसम विभाग के रिकार्ड के अनुसार हैं।)

यूपी रहा बेहाल
उत्तर प्रदेश के अनेक हिस्सों में आज मानों आसमान से आग बरसी। ज्यादातर इलाकों में लोग झुलसाने वाली धूप से बेहाल रहे। लगभग पूरा प्रदेश पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और लू की चपेट में है, मगर आज दिन में लखनऊ का पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन में झुलसाने वाली धूप और लू के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।

आंचलिक मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के अनेक मण्डलों में दिन के तापमान में खासी बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी। इस अवधि में वाराणसी, फैजाबाद, कानपुर, लखनउ, झांसी, आगरा तथा मेरठ मण्डलों में अधिकतम तापमान में काफी वृद्धि रिकार्ड की गई। पिछले 24 घंटे के दौरान वाराणसी, फैजाबाद, इलाहाबाद, कानपुर, लखनउ, झांसी तथा मेरठ मण्डलों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। दिन ही नहीं रात में भी थपेड़े महसूस किये गए। इस अवधि में इलाहाबाद 46.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। अगले 24 से 48 घंटे के अंदर राज्य में कुछ पूर्वी स्थानों पर हल्की बारिश होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की सम्भावना है।

पिछले पांच वर्षों में 04 जून को सबसे गर्म रही दिल्ली
दिल्ली में पिछले पांच वर्षों में 04 जून को इतनी अधिक गर्मी कभी भी नहीं हुई। रविवार को दिल्ली में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। जबिक इसके पहले 2016 में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक गया था। दिल्ली हवाईअड्डे पर अधिकतम तापमान दोपहर लगभग तीन बजे के करीब 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पालम इलाके में रविवार सुबह 08 बजे ही अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।

हवाईअड्डे पर कंक्रीट की इमारतें , रनवे व खुली जगह के चलते यहां तामपान सफदरजंग की तुलना में अधिक रहता है। पालम में जहां अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा वहीं आयानगर में अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। आया नगर इलाके में न्यूनतम तापमान भी 31 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। रिज इलाके में भी अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सिसय के करीब रहा। । मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। जबिक मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा।

Be the first to comment on "हाय गर्मीः देश में सबसे गर्म रहा दिल्ली का पालम इलाका"

Leave a comment

Your email address will not be published.


*


error: Content is protected !!