13 मंत्रियों की जीत की संभावना कम, कट सकता है इनका टिकट

भोपाल। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा टिकट वितरण में बड़ा फेरबदल कर सकती है। पिछले चुनावों के परिणाम और केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व द्वारा कराए गए अलग-अलग सर्वे की समीक्षा के मद्देनजर 13 मंत्रियों के टिकट कटने के संकेत मिले हैं। दरअसल राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा संगठन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा जो सर्वे करवाए गए है उसमें शिवराज कैबिनेट के एक दर्जन से अधिक सदस्यों के जीत की संभावना कम नजर आ रही है। फिर पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर मप्र, छत्तीगढ़ और राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन में कोई रिस्क नहीं लेना चाहती है। क्योंकि इन राज्यों के चुनाव परिणाम मोदी सरकार के भविष्य का फैसला करने में अहम भूमिका निभाएंगे। वर्तमान सर्वे के अलावा पार्टी ने इन मंत्रियो के पिछले परफॉरमेंस को भी टिकट न देने का आधार बना सकती है। जबकि मुख्यमंत्री ने समय-समय पर मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा के दौरान उन्हें चेताया भी था और जनता के बीच सक्रिय रहने की हिदायत भी दी थी। पार्टी के एक जिम्मेदार पदाधिकारी के अनुसार यदि इस बार जानते हुए भी उन मंत्रियों को पार्टी ने उम्मीदवार बना दिया, जिनका जीतना मुश्किल है। ऐसी स्थिति में निश्चित तौर पर पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। पीपुल्स समाचार से चर्चा में उन्होंने बताया कि केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व को इस बारे में फीडबैक है।

पिछले चुनाव में हारे थे 10 मंत्री

2013 विधानसभा चुनाव में शिवराज सरकार के दस मंत्री चुनाव हार गए थे। इस सूची में कन्हैया लाल अग्रवाल, अजय विश्नोई, दशरथ सिंह लोधी, बृजेन्द्र प्रताप सिंह, जगन्नाथ सिंह, डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, अनूप मिश्रा, लक्ष्मीकांत शर्मा, करण सिंह वर्मा और हरिशंकर खटीक हैं। इनमें से कई नेता इस बार भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मानें तो पार्टी में यह व्यवस्था रही है कि चुनाव समिति के सदस्यों से मिलकर उम्मीदवार अपनी व क्षेत्र के समीकरणों की बात रखते हैं। हालांकि, कुछ दिनों पहले सीएम यह संकेत दे चुके हैं कि उन्होंने हर विधानसभा क्षेत्र और नेताओं के परफॉरमेंस का सर्वे करवा लिया है, जिसके आधार पर ही चुनाव में टिकट का बंटवारा होगा।

Be the first to comment on "13 मंत्रियों की जीत की संभावना कम, कट सकता है इनका टिकट"

Leave a comment

Your email address will not be published.


*


error: Content is protected !!