गोरखपुर के झंगहा के कुछ युवकों को विदेश भेजने के नाम पर फर्जी वीजा थमा देने वाले जालसाज को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया। पकड़ा गया आरोपी गाजीपुर का रहने वाला है। दो साल से गोरखपुर में ऑफिस खोलकर वीजा दिलाने का झांसा देकर ठगी कर रहा था।गाजीपुर, बिरनो के भड़सर के रहने वाले गोपाल सिंह ने झंगहा के रामपुर चौराहे पर डिसेंट टेक्निकल टेस्ट एंड ट्रेनिंग सेंटर के नाम से ऑफिस खोला था। युवकों को खाड़ी देशों में भेजने का झांसा देकर जालसाजी करता था।
दो साल से वह यह धंधा कर रहा था। झंगहा क्षेत्र के 50 से ज्यादा युवकों से गोपाल ने विदेश भेजने का वीजा दिलवाने के लिए 25 – 25 हजार रुपये लिए थे। वीजा न मिलने पर युवकों के दबाव बनाने पर गोपाल ने उन्हें फर्जी वीजा दे दिया। छानबीन में सच्चाई का पता चलने पर शुक्रवार को कुछ युवकों ने उसके दफ्तर पर धावा बोल दिया।
वे उसे पकड़कर झंगहा थाने ले आए। छानबीन के बाद पुलिस ने अखिलेश दुबे नामक युवक की तहरीर पर गोपाल सिंह के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
Be the first to comment on "गोरखपुर में फर्जी वीजा पर विदेश भेजने का झांसा दे रहे एजेंट को पीड़ितों ने पकड़ा"