पंजाब में चुनावी शोरगुल थमा, सभी दलों के दिग्गजों ने किया शक्ति प्रदर्शन

चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए पिछले कई दिनों से चल रहा प्रचार गुरूवार की शाम बंद हो गया। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन जहां सभी राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों ने अपने-अपने हलकों में रोड शो के माध्यम से लोगों को लामबंद किया वहीं कांग्रेस व अकाली दल के दिग्गज नेता एक-दूसरे के हलकों में गरजते हुए देखे गए। शुक्रवार को पंजाब में मतदान होगा। पंजाब की कुल 117 विधानसभा सीटों पर इस समय कुल 1145 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिनमें 304 निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। पंजाब में इस बार हुए चुनाव प्रचार के दौरान मुख्य रूप से सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी चुनाव मैदान में हैं।

प्रचार अभियान के दौरान करीब 250 रैलियों का आयोजन किया गया है। प्रचार अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी, मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के अलावा कांग्रेस के लिए कैप्टन अमरिंदर सिंह के अलावा राहुल गांधी, नवजोत सिद्धू के अलावा कई पूर्व केंद्रीय मंत्रियों ने कांग्रेस के लिए वोट मांगे। वहीं आम आदमी पार्टी के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ही मुख्य स्टार प्रचारक के रूप में पंजाब वासियों से रूबरू हुए हैं।

गुुरूवार को पंजाब में चुनाव प्रचार समाप्त होने से पहले कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने जहां पंजाब के जलालाबाद, लंबी आदि हलकों में रैलियों को संबोधित किया वहीं उन्होंने संगरूर हलके के कई गावों में जाकर मतदाताओं के साथ मुलाकात भी की। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने गुरूवार पंजाब के समराला व सरदूलगढ़ समेत कई जगह रैलियों को संबोधित किया। उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने आज अपना ज्यादातर समय अपने पिता के विधानसभा हलका लंबी में रोड़ शो करने में व्यतीत किया। कांग्रेस प्रत्याशी कैप्टन अमरिंदर सिंह आज सुबह के समय पटियाला में थे तो बाद दोपहर वह लंबी में सक्रियता दिखाते हुए नजर आए।

Be the first to comment on "पंजाब में चुनावी शोरगुल थमा, सभी दलों के दिग्गजों ने किया शक्ति प्रदर्शन"

Leave a comment

Your email address will not be published.


*


error: Content is protected !!