गोरखनाथ थाना क्षेत्र के राजेन्द्र नगर स्थित एक अस्पताल में भर्ती एक झुलसी महिला दर्द बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसने शुक्रवार की दोपहर खिड़की से छलांग लगा दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्मार्टम के लिए भेज दिया।
महराजगंज जिले के बृजमनगंज निवासी सनन्दन की 30 वर्षीया पत्नी पार्वती 13 सितम्बर को खाना बनाते समय झुलस गई थी। उसे इलाज के लिए गोरखनाथ क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। निजी अस्पताल में उसे दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में भर्ती किया गया था। महिला गंभीर रूप से झुलसी हुई थी। वह दर्द से बिलबिला उठती थी। शुक्रवार को दोपहर बाद तकरीबन एक बजे परिवारीजन कमरे से निकलकर नीचे दुकान पर चाय पीने चले गए।
दर्द से परेशान महिला कमरे से बाहर निकली और खिड़की से छलांग लगा दी। महिला के नीचे गिरते ही अस्पताल में हड़कम्प मच गया। डॉक्टर और चिकित्साकर्मी दौड़कर उसके पास पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना पर पहुंची गोरखनाथ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गोरखनाथ थानेदार ने बताया कि महिला जलन से काफी परेशान थी। अपने को अकेला पाते ही वह अस्पताल की खिड़की से कूद गई।
Be the first to comment on "दर्द से परेशान महिला ने अस्पताल की खिड़की से कूदकर दी जान"