अमरनाथ यात्रा बहाल, 4411 श्रद्धालु पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना

जम्मू। अमरनाथ यात्रा एक दिन स्थगित रहने के बाद रविवार को फिर से बहाल हो गई। आधार शिविर यात्री निवास भगवती नगर से 4411 श्रद्धालुओं का जत्था पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना किया गया।

जत्थे में 3316 पुरुष, 763 महिलाएं और 332 साधु शामिल थे, जो 43 हल्के वाहनों और 97 बसों में सवार होकर यात्रा पर गए।

बुरहान वानी की बरसी पर कश्मीर में किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए जम्मू से जत्थे को रवाना नहीं किया गया था। हालांकि बालटाल व पहलगाम से श्रद्धालु दर्शनों के लिए रवाना हुए थे।

भले ही कश्मीर में हालात खराब हैं, लेकिन श्रद्धालुओं में भारी उत्साह बना हुआ है। यात्रा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की ही नहीं, बल्कि साधुओं की संख्या में भी बढ़ोतरी हो रही है।

श्रद्धालुओं की संख्या 1.35 लाख पार कर गई है। अगले दो दिन में श्रद्धालुओं की संख्या डेढ़ लाख से अधिक हो जाएगी।

अमरनाथ की वार्षिक यात्रा 29 जून से शुरू हुई थी और 40 दिन की यात्रा सात अगस्त को रक्षा बंधन के दिन संपन्न होगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

सरकार हर स्तर पर एहतियात बरत रही है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग व पहलगाम मार्ग से आगे यात्रा मार्ग पर हजारों सुरक्षाबल तैनात हैं।

Be the first to comment on "अमरनाथ यात्रा बहाल, 4411 श्रद्धालु पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना"

Leave a comment

Your email address will not be published.


*


error: Content is protected !!