गाजीपुर इलाके में कोंडली वार्ड की पूर्व बसपा पार्षद प्रियंका गौतम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने उनकी स्कोर्पियो कार तोडने के अलावा ईंट मारकर उनका सिर भी फोड़ दिया। आरोपियों ने उनको कार से भी खींचने का प्रयास किया, लेकिन सेंट्रल लॉक होने के कारण उनकी कार का दरवाजा नहीं खुला। आरोपियों ने पत्थर बरसाकर उनकी कार तोड़ दी।
खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल प्रियंका को एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मारपीट, जानलेवा हमला व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर पांच आरोपियों को दबोच लिया है।
पुलिस के मुताबिक प्रियंका गौतम परिवार के साथ मयूर विहार फेज-3 में रहती हैं। प्रियंका ने इस बार भी बसपा के टिकट से काउंसलर का चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गई थीं। इधर जनता की समस्याओं को सुनने के लिए प्रियंका डी-2, डीडीए जनता फ्लैट, कोंडली में दफ्तर बनाया हुआ है।
मकान मालिक दफ्तर को खाली कराना चाहता था
सूत्रों के मुताबिक यह दफ्तर प्रियंका से पूर्व एक बसपा नेता के पास था। प्रियंका के पार्षद बनने के समय उनका दफ्तर दे दिया गया था। इधर मकान मालिक दफ्तर को खाली कराना चाहता था। इसे लेकर विवाद चल रहा था।
आरोप है कि सोमवार सुबह 11.15 बजे प्रियंका अपनी स्कोर्पियो गाड़ी से दफ्तर पहुंची तो उन्होंने देखा कि वहां पर ढाबा चलाने वाले विजेंद्र, उसकी पत्नी व बेटे अन्य कर्मचारियों के साथ दफ्तर में तोड़फोड़ कर रहा था।
प्रियंका ने गाड़ी से ही घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। यह देखकर आरोपी उसकी ओर लपके। आरोपियों ने प्रियंका को कार से उतारने का प्रयास किया, लेकिन सेंट्रल लॉक होने के कारण कार नहीं खुली तो आरोपियों ने कार के शीशे तोड़ दिए। एक आरोपी ने प्रियंका के सिर पर ईंट से वार कर दिया।
पीड़िता मदद के लिए चिल्लाती रही। इधर मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने विजेंद्र, देवेंद्र और सोनू समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।
Be the first to comment on "पूर्व पार्षद प्रियंका गौतम पर जानलेवा हमला, ईंट मार सिर फोड़ा"